गर्मियों का मौसम आते ही चारों ओर आम ही नजर आने लगते हैं। कुछ लोगों के लिए तो आम के बिना गर्मियां अधूरी रहती हैं। स्वाद में तो यह लाजवाब होता ही है, साथ ही सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। गौर करने वाली बात है कि आम को हर कोई बड़े चाव से खाता है और खाने के तुरंत बाद इसकी गुठली को कूड़े में फेंक देते हैं। आप भी ऐसा ही करते हैं तो यह खबर आपके लिए ही है क्योंकि आम के साथ-साथ उसकी गुठली भी बहुत लाभकारी होती है। आम की गुठली में कई तरह के पोषक तत्न पाए जाते हैं जो शरीर को कई बीमारियों से लड़ने में मदद कर सकते हैं। आइए जान लेते हैं आम की गुठली के फायदों के बारे में।

हृदय रोगियों के लिए - आम की गुठली हृदय रोगों के जोखिम को कम करने में भी मदद कर सकती है। इसके लिए आम की गुठली के पाउडर का सेवन लाभकारी हो सकता है।

दस्त में भी हैं इसके फायदे - आए दिन पेट खराब हो जाने की समस्या से गुजरना पड़ता है। दस्त की समस्या से राहत पाने के लिए आम की गुठली आपके काम आ सकती है। आम की गुठली को सुखाकर इसका पाउडर बना लें और पेट खराब हो जाने पर पानी के साथ एक चम्मच इसे लें।

कोलेस्ट्रॉल को करे कंट्रोल - आम की गुठली कोलेस्ट्रॉल लेवल को मेंटेन करने में सहायक होती है। आम की गुठली का पाउडर खराब कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में मदद करता है।

मजबूत दांतों के लिए - आम की गुठली के पाउडर से सुबह-शाम मंजन करने से दांत मजबूत होते हैं। इसके अलावा कभी-कभी दांतों में से खून भी आने लगता है, ऐसे में भी आम की गुठली का पाउडर मदद कर सकता है।

पीरियड्स में फायदेमंद - महिलाओं के लिए पीरियड्स के वो 4 से 5 दिन बहुत मुश्किल होते हैं। हर किसी को अलग-अलग परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कुछ महिलाओं को बहुत ज्यादा ब्लीडिंग होती है, ऐसे में आम की गुठली का पाउडर मदद कर सकता है। इसके अलावा दर्द में भी राहत मिल सकती है।

वजन कम करने में भी सहायक - आम में प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। वजन नियंत्रित करने के लिए आम की गुठली का पाउडर बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। इसमें मौजूद फाइबर से पेट भरा हुआ महसूस होता है और बार-बार भूख नहीं लगती है।