अग्रवाल महिला मंडल द्वारा तीन अक्टूबर को रंगारंग मेला – महिलाओं के लिए बिना दर्पण के श्रृंगार करने की स्पर्धा होगी

इंदौर, 28 सितम्बर। रमता जोगी.... राधा कैसे न जले... हम्मा-हम्मा... चल छैया-छैया.... और जय हो... जैसे लोकप्रिय फिल्मी गीतों की एक शाम अग्रवाल महिला मंडल के तत्वावधान में बीती रात रवीन्द्र नाटय गृह में आयोजित ‘जय हो’ कार्यक्रम में गूंजते रहे। पुणे के प्रख्यात गायक आशुतोष जोशी, मुंबई की शिक्षा शर्मा के साथ इंदौर के स्वरांश पाठक, शिफा अंसारी और रूपक बुंदेला भी अपने गायन की यादगार प्रस्तुतियां देकर छाए रहे। मंडल ने अग्रसेन जंयती महोत्सव के उपलक्ष्य में गीतों की यह शानदार दावत सजाई थी।

महिला मंडल की अध्यक्ष शीला अग्रवाल, मंत्री निर्मला अग्रवाल ने बताया कि प्रख्यात संगीतकार ए.आर. रहमान के सुरीले नगमों की प्रस्तुति का यह रंगारंग कार्यक्रम समाजसेवी किशनलाल ऐरन, राजेश बंसल, जगदीश बाबाश्री एवं महेश मित्तल के आतिथ्य  संपन्न हुआ।अतिथियों का स्वागत श्रीमती प्रेमलता अग्रवाल, शोभा जैन, कृष्णा अग्रवाल एवं चंचल गर्ग ने किया। संगीत संयोजन अभिजीत गौड़ एवं उनकी टीम का था और कोरस में स्वरांश पाठक की टीम ने सहयोग किया।

*महोत्सव के कार्यक्रम -* उन्होंने बताया कि अग्रसेन जयंती महोत्सव की श्रृंखला में रविवार, 1 अक्टूबर को पंचकुइया स्थित श्रीराम मंदिर की गौशाला पर सेवाकार्य, 3 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से नारनोली अग्रवाल पंचायत भवन तेलीबाखल पर रंगारंग मेला,  इसी दिन दोपहर 3 से 3.30 बजे तक 18 वर्ष से अधिक की युवतियों एवं महिलाओं के लिए बिना दर्पण के श्रृंगार स्पर्धा, दोपहर 3.30 से 4 बजे तक मोती के गहनों की स्पर्धा, दोपहर 4 से 4.30 बजे तक चाकलेट की रांगोली स्पर्धा, 4.30 से 5 बजे तक बच्चों की फेंसी ड्रेस स्पर्धा और सायं 5 से 5.30 बजे तक सदस्यों के लिए एक्टिंग स्पर्धा जैसे दिलचस्प आयोजन भी इस मेले के प्रमुख आकर्षण होंगे। बुधवार 4 अक्टूबर को पितृ पर्वत के पास स्थित निराश्रित आश्रम पर सायं 6 बजे भोजन सेवा, 5 अक्टूबर को जगन्नाथ नारायण ट्रस्ट के वृद्धाश्रम पर भोजन सेवा, 6 अक्टूबर को एयरपोर्ट रोड स्थित विद्याधाम पर बटुकों को फल वितरण के कार्यक्रम भी होंगे। सभी कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग संयोजक मनोनीत किए गए हैं। 15 अक्टूबर को महिला मंडल की सभी बहनें राजबाड़ा से जेलरोड जाने वाले चल समारोह में शामिल होंगी।