नई दिल्‍ली। सेमीहाई स्‍पीड ट्रेन यानी वंदेभारत लोगों को खूब पसंद आ रही है। देश के अलग-अलग हिस्‍सों से वंदेभारत का संचालन किया जा रहा है। अभी 16 कोच की वंदेभारत का संचालन हो रहा है। अब भारतीय रेलवे कम कोचों वाली यानी आठ कोच की वंदेभारत का संचालन शुरू करने जा रहा है। पहली ट्रेन इसी माह चलाई जाएगी। ये देश की पहली कम कोच वाली वंदेभारत होगी, हालांकि अभी इसका रूट तय नहीं हुआ है। रेलवे मंत्रालय के अनुसार रूट भी जल्‍द ही तय कर लिया जाएगा। मौजूदा समय 10 वंदेभारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें से कई रूटों पर चलने वाली ट्रेनों में ऑक्‍यूपेंसी रेट 100 फीसदी से ऊपर जा रहा है तो कुछ में 100 फीसदी के करीब है। वहीं, कुछ रूट ऐसे भी जहां पर ऑक्‍यूपेंसी रेट कम है। यानी ट्रेन अन्‍य रूटों के मुकाबले खाली चल रही है। संभावना है कि ऐसे रूटों पर कम कोच वाली वंदेभारत चलाई जाएगी। इस तरह रेलवे को राजस्‍व का नुकसान नहीं होगा और संबंधित रूटों पर चलने वाले यात्रियों को भी वंदेभारत ट्रेन की सुविधा मिलती रहेगी।
जानकारी के मुता‎किब मौजूदा संचालित वंदेभारत में मुंबई से गांधी नगर, दिल्‍ली से कटरा और दिल्‍ली से वाराणसी वंदेभारत में ऑक्‍यूपेंसी रेट बहुत अच्‍छा हैं, वहीं, नई दिल्‍ली से अंदौरा और बिलासपुर से नागपुर में ऑक्‍यूपेंसी रेट काफी कम आ रहा है। ऐसे रूटों पर वंदेभारत चलाकर रेलवे का लगातार राजस्‍व का नुकसान हो रहा है। संभावना है कि इस तरह के रूटों पर आठ कोच वाली वंदेभारत ट्रेन चलाई जा सकती है।