सोशल मीडिया पर पिस्टल दिखाना पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
जबलपुर: सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन कर इलाके में खौफ पैदा करने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर शानू अंसारी को पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर कानून व्यवस्था को चुनौती देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इंस्टाग्राम पर बदमाश का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक्शन के निर्देश दिए थे। इसके बाद कैंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात पेंटीनाका चौराहे के घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है, जिसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पार्टी के बाद बीच सड़क पर लहराई पिस्टल
सदर बाजार के इस आदतन अपराधी को इंटरनेट पर अपनी झूठी धौंस जमाना भारी पड़ गया। दरअसल, आरोपी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर एक पार्टी का आयोजन किया था। जश्न मनाने के बाद वह बीच सड़क पर हाथ में पिस्टल लेकर सरेआम नाचने लगा। इस दौरान उसने हवा में हथियार लहराते हुए अपना एक वीडियो भी बनवाया और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। जब यह क्लिप पुलिस के सीनियर अफसरों तक पहुंची, तो इसे आम जनता की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा मानते हुए कैंट पुलिस को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए गए।
पेंटीनाका चौराहे के पास से हुई गिरफ्तारी
एसपी के कड़े रुख के बाद कैंट थाने की पुलिस टीम वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश में लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान शुक्रवार की रात गश्त के वक्त पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि वीडियो में दिख रहा बदमाश शानू अंसारी पेंटीनाका चौराहे के पास घूम रहा है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए इलाके की नाकाबंदी की और उसे रंगे हाथों दबोच लिया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसकी कमर से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।
इलाके में डर का माहौल बनाना था मकसद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी एक शातिर अपराधी है और उसका पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है। वह पहले भी इलाके में अपना दबदबा और डर का माहौल कायम करने के लिए इस तरह के हथियारों वाले वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चुका है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गेल को पीछे छोड़ते हुए रजत पाटीदार ने छक्कों में बनाया नया कीर्तिमान
Indian Oil ने कहा, पेट्रोल-डीजल की कोई ओवरऑल कमी नहीं