लोग वजन घटाने के लिए कई तरीके अपनाते हैं। कई लोग तो खाना-पीना ही छोड़ देते हैं लेकिन खाना न खाने से वजन कम नहीं होता है। आहार एवं पोषण विशेषज्ञों के मुताबिक, भारतीय खाने में ही कई ऐसे व्यंजन हैं, जो वजन कम करने में सहायक होते हैं। अतिरिक्त वसा को कम करने के लिए हमें अपनी डाइट में ऐसी खाद्य सामग्रियों को शामिल करना चाहिए। आपके ही किचन में कम कार्ब के कई विकल्प मिल जाएंगे, जिनका सेवन आपके स्वास्थ्य के लिए भी लाभप्रद है और वजन कम करने में भी सहायक है। भारत में ज्वार, मक्का और बाजना जैसे अनाज का अच्छा उत्पादन होता है। खाने में विकल्प के तौर पर इसे आप रोजाना खाने में कहीं न कहीं इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आपको पता हैं कि इन्हीं अनाज के सेवन से वजन भी घटाया जा सकता है।

बाजरा रोटी खाने के फायदे

बाजरा प्रोटीन, फाइबर और सेहत के लिए फायदेमंद खनिजों से भरपूर है। अनाज में बाजरा स्वास्थ्य के लिहाज से बेहतर विकल्प है। बाजरे में फाइबर की अधिक मात्रा होने के कारण ये पेट को लंबे समय कर भरा हुआ महसूस कराता है। जिससे लोग अधिक खाने से बच जाते हैं और वजन को कंट्रोल में रखता है। इसलिए वजन कम करने के लिए आप बाजरे की रोटी को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इसके अलावा अगर आपको पाचन की समस्या है तो भी बाजरे का सेवन फायदेमंद है। बाजरा में मैग्नीशियम, पोटेशियम पाया जाता है, जो शरीर के साथ ही हृदय को भी सेहतमंद रखने में मदद करता है।

मक्का रोटी खाने के फायदे

मक्के का सेवन लोग आमतौर पर सर्दियों में अधिक करते हैं। ये गेंंहूं के आटे के विकल्प के तौर पर अच्छी खाद्य सामग्री है। मक्का में आयरन, फास्फोरस, जिंक और कई विटामिनों की भरपूर मात्रा मिल जाती है। इसका सेवन केवल वजन कम करने में ही नहीं बल्कि आंखों की रोशनी के लिए भी अच्छा है। इसके अलावा कैंसर और एनीमिया की रोकथाम में भी मक्का मददगार होता है। मक्के में मौजूद कार्बोहाइड्रेट के कारण एनर्जी लेवल बना रहता है और भूख कम लगती है और वजन कंट्रोल होता है। मक्के के आटे के सेवन से शरीर को पर्याप्त मात्रा में फाइबर भी मिलता है, जिससे शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर सामान्य बना रहता है और कब्ज की समस्या से भी छुटकारा मिलता है।

मक्का और बाजरा में से कौन सा आटा ज्यादा फायदेमंद

वैसे तो बाजरा और मक्का दोनों ही सेहत के लिए फायदेमंद हैं और वजन कम करने में सहायक हैं लेकिन अगर तुलना की जाए कि बाजरा और मक्का में से कौन सा अनाज तेजी से वजन कम करने में कारगर है तो भले ही दोनों ही ग्लूटेन मुक्त हैं लेकिन अपेक्षाकृत कम कैलोरी के कारण बाजरे का चयन करना बेहतर विकल्प होगा। लेकिन बाजरे का अधिक सेवन पथरी के मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। बाजरे में मौजूद फाइटिक एसिड भी आंत में भोजन के अवशोषण में समस्या पैदा कर सकता है।