अहमदाबाद| गुजरात में लंबे समय के बाद कोरोना की दस्तक हुई है| गुजरात की राजधानी गांधीनगर में एक साथ दो महिलाएं कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने आई है| दोनों महिलाओं के सैंपल जिनो सिकवन्स के लिए भेज दिए गए हैं| साथ ही दोनों महिलाओं को होम आइसोलेट भी कर दिया गया है| बता दें कि केरल में जेएन1 नए वेरिएंट को लेकर देशभर में दहशत है| ऐसे में गांधीनगर में कोरोना के दो मामले सामने आने से हड़कम्प मच गया है| गांधीनगर के सेक्टर 6 में रहनेवाली दोनों महिलाएं दक्षिण भारत की यात्रा कर लौटी हैं| दूसरी ओर 24 घंटों के भीतर देश में 335 नए मामले सामने आए हैं| उत्तर प्रदेश और केरल में कोरोना से पांच लोगों के मौत की खबर है| केरल में बढ़ते मामलों को देखते हुए कर्नाटक में एडवाइजरी जारी कर दी गई है| कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने सभी वरिष्ठ नागरिकों समेत अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को मास्क लगाने की नसीहत दी है| साथ ही यह भी कहा है कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना आवश्यक है| उधर केन्द्र सरकार ने राज्यों के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है| इसके अंतर्गत केन्द्र की ओर कहा गया है कि कोविड को लेकर उत्पन्न हालात पर राज्य लगातार नजर बनाए रखें| साथ ही जिला स्तर पर आनेवाले एसएआरआई और आईएलआई केस की रिपोर्ट का सर्वेलन्स करने का आदेश दिया गया है| राज्यों को आरटी-पीसीआर टेस्ट करने के लिए निर्देश दिया गया है| पॉजिटिव सैम्पल को जिनोम सिकवेन्सिंग के लिए आईएनएसएसीओजी लैब में भेजने की नसीहत दी गई है|