लंदन । पिछले महीने से दुनिया भर में कोविड का नया सब-वैरिएंट जेएन.1 फैल रहा है। यह ब्रिटेन, चीन समेत कई देशों में कोविड का प्रमुख स्ट्रेन बन गया है। ले‎किन अब भारत में इसके बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। जेएन.1 को लेकर भारत की चिंता इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि पड़ोसी चीन में इसने तबाही मचानी शुरू कर दी है। एक रिपोर्ट में आया कि कोविड के इस वैरिएंट के फैलने से चीन में बड़ी संख्या में लोग मारे जा रहे हैं। कथित तौर पर मरने वालों की संख्या इतनी अधिक है कि वहां के श्मशानों को 24 घंटे काम करना पड़ रहा है। कोविड के इस नए वैरिएंट को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट की श्रेणी में रखा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है ‎कि हाल के दिनों में हमने देखा है कि जेएन.1 के मामले कई देशों में रिपोर्ट किए गए हैं। यह दुनियाभर में तेजी से फैल रहा है। 
जानकार बता रहे हैं ‎कि यह वैरिएंट ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट बीए.2.86 से बना है। यह इतनी तेजी से बढ़ रहा है कि हम इसे एक नए वैरिएंट के रूप में वर्गीकृत करते हैं। चीन के हेनान प्रांत के स्थानीय लोगों ने स्थानीय अखबारों से कोविड की स्थिति को लेकर बात की है। उन्होंने बताया है कि कोविड के कारण स्थिति कितनी खराब है। एक व्यक्ति ने दावा कि सरकारी श्मशानों में इतने अधिक मृतक लाए गए हैं कि भीड़ बढ़ गई है और श्मशानों में 24 घंटे शव जलाए जा रहे हैं। मिस्टर झाउ नाम के एक शख्श ने कहा ‎कि फ्यूनरल होम में आठ श्मशान हैं। आठों श्मशानों में चौबीसों घंटे शव जलाए जा रहे है जो काफी डरावना है।
मिस्टर झाउ के अनुसार मरने के बाद भी लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है ताकि वो जलाए जा सकें। उन्होंने कहा, शव इतने ज्यादा है कि सरकारी श्मशान कम पड़ रहे हैं। पिछले तीन सालों में, कई निजी श्मशान भी खुल गए हैं और उनका व्यवसाय फल-फूल रहा है। मरने वालों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रहा है। शव इतने ज्यादा है कि उन्हें जलाने के लिए काफी इंतजार हो रहा है। उन्हें रेफ्रिजरेटरों में रखा जा रहा है और नंबर आने पर जलाया जा रहा है। चीन में फिलहाल कोरोना के 118,977 पोजिटिव मामले हैं जिनमें से 7,557 मामले बेहद गंभीर है।चीन में कोविड से मरने वालों की सटीक संख्या सामने नहीं आ पाई है।
इधर चीन में कोविड से हो रही मौतों को देखते हुए भारत की चिंताएं भी बढ़ गई है। भारत में जेएन.1 वैरिएंट के फैलने के बीच कोविड के एक्टिव मामलों की संख्या 4,000 पार कर गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि एक दिन में 628 कोविड के नए मामले सामने आए हैं और केरल में एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। केरल में ही कोविड के नए वैरिएंट जेएन.1 का पहला मामला सामने आया था।