भारत में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के बीच इसका एक और स्वरूप एक्सबीबी.1.16.1 सामने आया है। देश के नौ राज्यों में इसके 116 मामले सामने आए हैं। गौर करने वाली बात है कि यह संक्रमण बच्चों में भी मिल रहा है। इसका एक नया लक्षण आंखों में लालपन के रूप में सामने आया है।वायरस के स्वरूप में इस बदलाव का जिक्र शुक्रवार को अधिकारियों ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस बैठक में बताया गया कि ओमिक्रॉन के स्वरूप बदलने के बाद एक्सबीबी उप स्वरूप सामने आया था। एक्सबीबी ने स्वरूप बदला तो एक्सबीबी.1.16 सामने आया।

भारत में वर्तमान में कोरोना के बढ़ते मामलों के लिए यही स्वरूप जिम्मेदार है।गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, दिल्ली, हरियाणा, केरल और पुडुचेरी में इससे जुड़े मामलों की पुष्टि हुई है। डॉ. स्कारिया ने बताया कि भारत के अलावा अब तक 13 देशों में 80 से ज्यादा सीक्वेंस एक्सबीबी.1.16.1 उप वेरिएंट अपलोड हुए हैं। इससे पता चलता है कि अन्य देशों में भी वायरस अपना स्वरूप बदल रहा है।

कोरोना संक्रमण के मामलों में फिर से तेजी आई है। देश में 24 घंटे में 6,050 नए कोरोना मरीज मिले हैं। यह 203 दिन बाद एक दिन में नए कोविड संक्रमितों की सबसे ज्यादा संख्या है। इसके चलते देश में कोरोना के सक्रिय केस यानी उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 28,303 हो गई है। देश में संक्रमण की दैनिक दर 3.39 फीसदी और साप्ताहिक दर 3.02 फीसदी है।