मुंबई। रोजाना 5 से 10 करोड़ रुपए कमाने वाले ठग को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम श्रीनिवास राव डाडी (49) है। 12वीं पास श्रीनिवास की टीम कई शहरों में फैली है। यह टीम महिलाओं को निशाना बनाती थी। यह गिरोह महिलाओं को गलत कामों में फंसाने की धमकी देकर उनसे लाखों रुपये की उगाही करता था। इसके जरिए हर दिन करोड़ों रुपए का कारोबार होता था। पुलिस उपायुक्त (जोन 11) अजय कुमार बंसल ने श्रीनिवास गिरोह की कार्यप्रणाली के बारे में पत्रकारों को बताया कि श्रीनिवास को मुंबई के पश्चिमी उपनगर गोरेगांव की बांगुर नगर पुलिस की एक टीम ने हैदराबाद के एक आलीशान होटल से गिरफ्तार किया है। श्रीनिवास 12वीं तक पढ़ा हैं। लेकिन वह तकनीक में बहुत कुशल है। इस तकनीक के दम पर उसने करोड़ों की कमाई की। श्रीनिवास के साथ उसके गिरोह के चार सदस्यों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया  है। बंसल ने बताया कि दो को ठाणे और दो को कोलकाता से गिरफ्तार कर मुंबई लाया गया है. श्रीनिवास का गिरोह महिलाओं को यह कहते हुए फोन करता था कि आपने जो पार्सल (कूरियर) मंगवाया है उसमें ड्रग्स या हथियार हैं। वह उनसे बैंक खाते की जानकारी मांगता था। फिर बैंक डिटेल मांगता और उसके जरिए कूरियर को वेरिफाई करने की बात कहता। इस कॉल से ज्यादातर महिलाएं डर जाती थीं। वे गिरोह के सदस्यों को अपने बैंक खाते का विवरण या आयकर संबंधी जानकारी दे देती थी। इसके बाद पीड़ितों से वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) मांगा जाता था। यह पूरी जानकारी जुटाकर आरोपी पीड़िता के खाते से पैसे उड़ा लेता था। कई मामलों में, श्रीनिवास का गिरोह पीड़ितों से उनके मोबाइल पर एनीडेस्क जैसे एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिए कहता था। इसके बाद मोबाइल फोन हैक कर ठगी कर लेता था। इस तरह श्रीनिवास के गैंग ने देशभर में हजारों लोगों से ठगी की। फर्जीवाड़ा की सारी रकम श्रीनिवास के खाते में जमा की जाती थी। उसके बैंक खाते में रोजाना 5 से 10 करोड़ रुपए का लेन-देन होता था। श्रीनिवास यह पैसा एक चीनी नागरिक को भेजता था। फिर राशि को क्रिप्टोक्यूरेंसी में बदल दिया जाता था। श्रीनिवास अपने काले कारोबार को छिपाने के लिए रियल एस्टेट का कारोबार चलाने का नाटक करता था। टेलीग्राम एप के जरिए बातचीत करता था। पुलिस ने उसके 40 बैंक खातों को सील कर दिया है। उसके पास से डेढ़ करोड़ रुपये नकद मिले हैं। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। इसके लिए दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, झारखंड, हरियाणा में छापेमारी की जा रही है.